मथुरा , अक्टूबर 23 -- वृंदावन स्थित नवनिर्मित स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह में शुक्रवार को सांसद एवं पद्मश्री हेमा मालिनी की नृत्य नाटिका 'मां गंगा' के मंचन के साथ ब्रजरज उत्सव की सांस्कृतिक गतिविधियों का शुभारंभ हुआ। करीब पौने दो घंटे की इस प्रस्तुति में गंगा के पृथ्वी पर अवतरण की पौराणिक कथा, चार युगों की यात्रा और वर्तमान में प्रदूषण से उत्पन्न चुनौतियों को नृत्य, संगीत और अभिनय के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। नृत्य नाटिका के जरिए गंगा और यमुना सहित नदियों के संरक्षण तथा स्वच्छता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण, संत विजय कौशल महाराज, सांसद तेजवीर सिंह, उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र और मुख्य कार्यपालक अधिकारी लक्ष्मी नागप्पन सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। गणेश वंदना के बाद हेमा मालिनी ने तीन दर्जन से अधिक कलाकारों के साथ मां गंगा की भूमिका में प्रस्तुति दी।
नृत्य नाटिका में राजा भगीरथ की तपस्या, पूर्वजों के उद्धार के लिए गंगा को पृथ्वी पर लाने के उनके संकल्प और भगवान शिव द्वारा गंगा की वेगवती धारा को अपनी जटाओं में धारण करने के प्रसंगों का प्रभावशाली मंचन किया गया। शास्त्रीय नृत्य की भाव-भंगिमाओं, संगीत और तकनीकी दृश्यों के माध्यम से गंगा की महिमा तथा मानव जीवन में उनके महत्व को रेखांकित किया गया।
प्रस्तुति में गंगा की यात्रा को चार युगों के परिप्रेक्ष्य में दर्शाया गया। पौराणिक आख्यानों के साथ भारतीय इतिहास और सांस्कृतिक चेतना से जुड़े प्रसंगों ने नृत्य नाटिका को व्यापक स्वरूप दिया। नृत्य नाटिका का एक प्रमुख पक्ष गंगा की वर्तमान स्थिति और प्रदूषण की समस्या रहा। मंचन के माध्यम से दिखाया गया कि भारतीय संस्कृति में जीवनदायिनी और मोक्षदायिनी मानी जाने वाली गंगा आज मानवीय लापरवाही और प्रदूषण से प्रभावित हैं। भावपूर्ण दृश्यों के जरिए नदियों की पीड़ा को सामने रखते हुए यमुना सहित अन्य नदियों को स्वच्छ रखने और प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
चौधरी लक्ष्मी नारायण ने कहा कि ब्रजरज उत्सव उत्तर भारत के प्रमुख उत्सवों में अपनी पहचान बना चुका है। इसमें प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री तक की सहभागिता रही है। उन्होंने कहा कि इस बार उत्सव की पहली प्रस्तुति के रूप में सांसद हेमा मालिनी की नृत्य नाटिका ने आयोजन को विशिष्ट आयाम दिया है।
सांसद तेजवीर सिंह ने आयोजन को ब्रज की संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह के निर्माण में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सांसद हेमा मालिनी के योगदान का उल्लेख किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संत विजय कौशल महाराज ने मां गंगा की महिमा का वर्णन किया।
इस अवसर पर संत बलराम दास महाराज, संत गोविंदानंद तीर्थ, डॉ. आदित्यानंद महाराज, श्रीवत्स गोस्वामी, महंत सुंदर दास महाराज, विधायक पूरन प्रकाश, आगरा रेल मंडल के डीआरएम गगन गोयल और भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र चौधरी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
ब्रजरज उत्सव के तहत इस बार मथुरा के साथ वृंदावन के नवनिर्मित स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह में भी सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मथुरा के धौलीप्याऊ स्थित रेलवे ग्राउंड में शनिवार से उत्सव की अन्य गतिविधियां शुरू होंगी। यहां वंदनाश्री और ईशान मिश्रा की प्रस्तुतियां होंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित