पौड़ी , अप्रैल 02 -- उत्तराखंड में पौड़ी गढ़वाल के श्रीनगर में स्थित हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग एवं भौतिक विज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 10 दिवसीय भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद आईसीएसएसआर द्वारा प्रायोजित रिसर्च मेथडोलॉजी कार्यशाला का दूसरा दिन गुरुवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यशाला का दूसरा दिन सभी प्रतिभागियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी रहा। जिसका प्रथम सत्र प्रो. सीमा धवन द्वारा लिया गया, जिसमें उन्होंने शोध हेतु एकीकृत सांख्यिकीय विधियों के विषय पर विस्तृत जानकारी प्रदान की।
द्वितीय सत्र डॉ. अखिलेश कुमार गौतम द्वारा संचालित किया गया, जिसमें उन्होंने एआई सक्षम शोध कार्यप्रवाह के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। तृतीय सत्र डॉ. हर सिंह द्वारा लिया गया, जिसमें ई-पुस्तकालय के विभिन्न उपकरणों और संसाधनों के उपयोग पर विस्तृत रूप से जानकारी प्रदान की गई। तथा चतुर्थ सत्र के दौरान सभी प्रतिभागियों कोचौरास परिसर स्थित केंदीय पुस्तकालय का भ्रमण करवाया गया और विभिन्न पहलुओं से अवगत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कार्यशाला के निदेशक डॉ. देवेंद्र सिंह (शिक्षा विभाग) एवं सह-निदेशक डॉ. आलोक कुमार गौतम (भौतिक विज्ञान विभाग) द्वारा सभी विशेषज्ञों का पुष्प, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया गया तथा सभी रिसोर्स पर्सन्स का आभार व्यक्त किया गया।
कार्यशाला में प्रतिभागियों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान तक सीमित न रखते हुए, शोध से संबंधित विभिन्न व्यावहारिक पहलुओं का भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे वे वास्तविक शोध कार्य में दक्षता प्राप्त कर सकें। कार्यक्रम का सफल संचालन कोर्स प्रतिभागी पायल विज व वैभव कुमार द्विवेदी द्वारा किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित