रांची , मार्च 18 -- झारखंड विधान सभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो से आज झारखंड मंत्रालय में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने शिष्टाचार मुलाकात की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने विधान सभा अध्यक्ष को राज्य सरकार की ओर से प्रकाशित "झारखंड राइजिंग ए ग्लोबल स्टोरी" पुस्तक तथा कॉफी टेबल बुक सप्रेम भेंट की। "झारखंड राइजिंग ए ग्लोबल स्टोरी" पुस्तक में राज्य सरकार की ओर से विगत जनवरी माह में श्री सोरेन के नेतृत्व में 11 सदस्य प्रतिनिधिमंडल के दावोस एवं यूनाइटेड किंगडम (लंदन) दौरे का विस्तृत प्रतिवेदन समर्पित है तथा कॉफी टेबल बुक में राज्य सरकार द्वारा किए गए विकासात्मक कार्यों की समग्र जानकारी समाहित की गई है।
इस अवसर पर श्री सोरेन ने संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर एवं नेता प्रतिपक्ष श्री बाबूलाल मरांडी को "झारखंड राइजिंग ए ग्लोबल स्टोरी" पुस्तक एवं कॉफी टेबल बुक सप्रेम भेंट की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित