रांची , मार्च 20 -- झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर निशाना साधा है।

श्री मरांडी ने आज कहा कि हेमंत सोरेन चर्चाओं में बने रहने के लिए विवादास्पद बयानबाजी का सहारा ले रहे हैं।

श्री मरांडी ने कहा कि झारखंड से लेकर असम तक घूम-घूमकर इफ्तारी खाने के बावजूद इंडी गठबंधन में अपेक्षित महत्व न मिलने से निराश मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अब चर्चा में बने रहने के लिए विधानसभा के भीतर विवादास्पद बयानबाजी का सहारा लेते दिख रहे हैं। पिछले दिनों विधानसभा में उनके द्वारा हिंदू धर्म पर की गई घटिया टिप्पणी निंदनीय है।

उन्होंने कहा कि हेमंत जी, लगता है बताने वाविवादास्पद बयानबाजी का सहारा लेते दिख रहे हैं लोगों ने आपको बताया नहीं या आपके आस-पास के लोग घोर हिंदू विरोधी है। आपके संज्ञान में लाना चाहूँगा विद्या की देवी माँ सरस्वती की पूजा करने वालों ने शून्य की खोज की, अनेक महाकाव्यों की रचना की, दुनिया को संस्कृति, सभ्यता, लोकतंत्र का पाठ सिखाया और अपने ज्ञान से सिंचित किया।

श्री मरांडी ने कहा कि आज आप जिस अमेरीका की बातें कर रहे हैं, उसी अमेरीका में विश्व के बड़े-बड़े ज्ञान आधारित उद्योगों जैसे गूगल, माइक्रोसॉफ्ट, यू ट्यूब, का नेतृत्व ऐसे लोग कर रहे हैं, जो सरस्वती जी की पूजा भी करते हैं और लक्ष्मी जी की पूजा भी करते हैं।

धर्म के आधार पर चयनात्मक प्रशंसा और आलोचना करना मुख्यमंत्री जैसे जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति के लिए उचित नहीं माना जा सकता। राज्य के मुख्यमंत्री से अपेक्षा होती है कि वे सभी समुदायों के प्रति समान सम्मान और संतुलन बनाए रखें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित