जशपुर , अप्रैल 14 -- छत्तीसगढ़ में जशपुर के बगीचा व सन्ना क्षेत्र में हेडजेक्सफंड नामक नेटवर्क कंपनी के जरिए रुपए दोगुना करने का लालच देकर ग्रामीणों से ठगी करने का मामला सामने आया है, जिसमें पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में लाखों रुपए की ठगी की आशंका जताई जा रही है और पीड़ितों की संख्या बढ़ने की संभावना है।
पुलिस से मंगलवार को मिली जानकारी के अनुसार, 10 अप्रैल को प्रार्थिया उर्मिला बाई (26) निवासी ग्राम कापू टोली, थाना सन्ना ने थाना बगीचा में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2023 में उसकी पहचान ग्राम रूपसेरा भलमंडा निवासी कालेश्वर राम और मीनी बाई से हुई थी। कुछ समय बाद ये दोनों अन्य आरोपियों शिवशंकर राम और नीरा सिंह के साथ प्रार्थिया के घर पहुंचे और उसकी मां चंद्रमणि बाई को हेडजेक्सफंड नेटवर्क कंपनी में निवेश करने का प्रस्ताव दिया।
आरोपियों ने विश्वास दिलाया कि कंपनी में निवेश करने पर तीन माह के भीतर राशि दोगुनी हो जाएगी, अन्यथा ब्याज सहित पैसा वापस कर दिया जाएगा। इस झांसे में आकर प्रार्थिया और उसकी मां सहित गांव के अन्य लोगों ने भी निवेश करना शुरू कर दिया। आरोपियों द्वारा बार-बार गांव में आकर ग्रामीणों को योजना के बारे में बताया गया और उन्हें अधिक लाभ का लालच दिया गया।
प्रार्थिया ने वर्ष 2023 में 20 हजार रुपए तथा 10 जनवरी 2024 को एक लाख रुपए और 19 जनवरी 2024 को 50 हजार रुपए, कुल एक लाख 70 हजार रुपए नगद व ऑनलाइन माध्यम से आरोपियों को दिए। वहीं उसकी मां ने 15 फरवरी 2024 को 40 हजार रुपए निवेश किए। आरोपियों ने निवेश के बाद पीड़ितों को एक डिजिटल वॉलेट आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराया, जिसमें राशि डॉलर में प्रदर्शित होती थी।
कुछ समय बाद यह वॉलेट अचानक बंद हो गया और पीड़ितों को अपने साथ ठगी होने का अहसास हुआ। पैसे वापस मांगने पर आरोपी टालमटोल करने लगे। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने बगीचा और सन्ना क्षेत्र के कई अन्य ग्रामीणों को भी इसी प्रकार झांसे में लेकर ठगी की है।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना बगीचा में आरोपियों के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 420 और 34 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी शिवशंकर राम, मीनी बाई, कालेश्वर राम, अनिल लकड़ा, शिवनाथ राम और नीरा सिंह को गिरफ्तार किया। आरोपी शिवशंकर राम के कब्जे से एक टोयोटा टायजर कार भी जप्त की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित