अजमेर , अक्टूबर 19 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन ने सोमवार को राजस्थान के अजमेर में ख्वाजा साहब की दरगाह में हाजरी देकर मखमली चादर चढ़ाई और मुल्क में अमन चैन की दुआ की।

श्री हुसैन ने जन्नती दरवाजे पर मन्नत का धागा भी बांधा। उन्होंने जियारत के बाद पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को घेरते हुए कहा कि वह विदेशी ताकतों के हाथों में खेलकर भारत के लोकतंत्र को बदनाम कर रहे हैं। उन्होंने काकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) कार्यकर्ताओं को 'तिल्लचट्टा' बताते हुए कहा कि सरकार ने एक बार बात मान ली। बार-बार आन्दोलन के लिए ऊपर आ जाना तिल्लचट्टों का काम है।

श्री हुसैन ने मुम्बई में फिल्म अभिनेता टाइगर श्राफ पर हुई गोलीबारी के सवाल के जवाब में कहा कि जो लोग भी हरकत कर रहे हैं, उन्हें तलाश करके, काम तमाम करना चाहिए। महाराष्ट्र सरकार किसी को भी डराने की इजाजत नहीं देती।

उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कार्य की तारीफ करते हुए कहा कि बिहार तरक्की के रास्ते पर है।

दरगाह के प्रति अपने लगाव का जिक्र करते हुए श्री हुसैन ने कहा कि वह यहां हाजरी देने आये हैं। पहले भी आते रहे है। हुसैन के साथ मुन्नवर खान भी थे।

इससे पहले उन्होंने किशनगढ़ में आर.के.मार्बल परिवार के निवास पर दिवंगत कंवरीलाल पाटनी को श्रद्धासुमन अर्पित किये। उन्होंने अशोक पाटनी एवं परिजनों को ढांढस बंधाया। इस दौरान उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, अजमेर सांसद एवं केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी भी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित