कोलकाता , जून 04 -- आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) प्रमुख एवं रेजीनगर के विधायक हुमायूँ कबीर ने गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को एक अप्रत्याशित राजनीतिक पेशकश करते हुए उनके लिए अपनी विधानसभा सीट खाली करने का प्रस्ताव रखा ताकि उपचुनाव के जरिए वह राज्य विधानसभा में वापस आ सकें।
पिछले साल के अंत में तृणमूल कांग्रेस से निष्कासित किए जाने के बाद अपनी खुद की राजनीतिक पार्टी बनाने वाले कबीर ने यहां पत्रकारों से कहा कि अगर सुश्री बनर्जी उनकी सीट से चुनाव लड़ना चाहती हैं, तो वह मुर्शिदाबाद की रेजीनगर विधानसभा सीट से इस्तीफा देने को तैयार हैं। उन्होंने कहा "अगर ममता बनर्जी विधानसभा में वापस आना चाहती हैं, तो मैं इसमें उनकी मदद कर सकता हूँ। उन्हें मेरे पास आना होगा। मैं उनके लिए रेजीनगर सीट छोड़ने को तैयार हूँ और मैं उनकी जीत सुनिश्चित कर सकता हूँ।"कबीर ने हालांकि अपनी पेशकश के साथ एक हल्का-फुल्का राजनीतिक तंज भी कसा। यह दावा करते हुए कि बनर्जी को नंदीग्राम जैसी सीटों से जीतना मुश्किल होगा, उन्होंने जोर दिया कि रेजीनगर एक ऐसी सीट है जहाँ उनका प्रभाव निर्णायक है। उन्होंने कहा, "अगर वह नंदीग्राम से चुनाव लड़ती हैं, तो हो सकता है कि वह न जीतें। लेकिन अगर वह रेजीनगर से चुनाव लड़ती हैं, तो मैं उन्हें वापस विधानसभा भेज सकता हूँ। भले ही दूसरे लोग उनकी बात सुनें या न सुनें, लेकिन रेजीनगर में हुमायूँ कबीर की बात ही अंतिम मानी जाती है।"एजेयूपी प्रमुख ने अपनी इस पेशकश को अपनी पूर्व राजनीतिक गुरु को दी जाने वाली 'गुरु दक्षिणा'का एक रूप बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें सुश्री बनर्जी की मौजूदा राजनीतिक स्थिति को लेकर सहानुभूति है और वह अपनी क्षमता के अनुसार उनके साथ खड़े होने को तैयार हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित