रामगढ़ , अगस्त 27 -- झारखंड के रामगढ़ जिले के स्थानीय युवाओं को हुनरमंद बनाकर रोजगार से जोड़ने और पलायन रोकने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है।
जिला प्रशासन रामगढ़, पीवीयूएनएल पतरातू और झारखंड गवर्नमेंट टूल रूम आईटीआई, गोला के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को आईटीआई गोला में 'हुनर प्रोजेक्ट' का शुभारंभ किया गया। परियोजना के तहत युवाओं को तीन माह का निःशुल्क आवासीय वेल्डिंग प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कार्यक्रम का उद्घाटन हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल, बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी, रामगढ़ उपायुक्त ऋतुराज और पीवीयूएनएल के महाप्रबंधक आर.के. निरंजन ने संयुक्त रूप से किया।
'हुनर प्रोजेक्ट' के लिए पीवीयूएनएल ने सीएसआर के तहत 60 लाख रुपये उपलब्ध कराए हैं। प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को एमआईजी/एमएजी/जीएमएडब्ल्यू वेल्डिंग की आधुनिक तकनीक का सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क और आवासीय होगा। चयनित प्रशिक्षुओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह छात्रवृत्ति भी दी जाएगी। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद युवाओं को 100 प्रतिशत प्लेसमेंट सहायता उपलब्ध कराने का प्रावधान है।
सांसद ने कहा कि 'हुनर प्रोजेक्ट' युवाओं को कौशल और रोजगार से जोड़ने के साथ पलायन रोकने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त कर युवा उद्योगों की जरूरत के अनुसार रोजगार हासिल कर सकेंग।
विधायक श्री चौधरी ने कहा कि ग्रामीण और स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण के साथ रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने से उनके लिए रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे। उन्होंने युवाओं से योजना का लाभ उठाने की अपील की।
उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि जिले के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण और रोजगारपरक तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। 'हुनर प्रोजेक्ट' के माध्यम से युवाओं को आधुनिक वेल्डिंग तकनीक में दक्ष बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलने से दूसरे राज्यों में होने वाले पलायन में कमी आएगी और युवाओं के साथ उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।
पीवीयूएनएल के महाप्रबंधक आर.के. निरंजन ने कहा कि कंपनी सीएसआर के माध्यम से स्थानीय युवाओं के कौशल विकास और रोजगार सृजन को प्राथमिकता दे रही है। प्रोजेक्ट के तहत आधुनिक मशीनों से प्रशिक्षण देने के साथ प्रशिक्षण के बाद प्लेसमेंट सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।
इस पहल से रामगढ़ जिले में कुशल मानव संसाधन तैयार होने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण किया। मौके पर संबंधित विभागों के अधिकारी, आईटीआई के प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित