नयी दिल्ली , अप्रैल 25 -- आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय के तहत भारत की अग्रणी टेक्नो-फाइनेंसिंग नवरत्न कंपनी आवासन एवं शहरी विकास निगम लिमिटेड (हुडको) ने शनिवार को अपना 56वां स्थापना दिवस "संकल्प दिवस" के रूप में मनाया। केंद्रीय आवास और शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल की उपस्थिति में इस समारोह में पिछले साढ़े पांच दशकों में हुडको की शानदार उपलब्धियों को उजागर किया गया।
श्री मनोहर लाल के साथ कार्यक्रम में उनके सहयोगी राज्य मंत्री टोखन साहू, मंत्रालय के सचिव श्रीनिवास कटिकिथाला (आईएएस), और आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय तथा राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह के बाद 'शहरी चुनौती कोष (यूसीएफ)' और 'शहरी निवेश विंडो (यूआईविन)' पर संगोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें यूआईविन तकनीकी सहायता फ्रेमवर्क का अनावरण किया गया। इसमें विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ अधिकारियों, कई नगर आयुक्तों और हुडको के कर्मचारियों ने भाग लिया।
अपने संबोधन में श्री मनोहर लाल ने राष्ट्र के बुनियादी ढांचे के विकास में हुडको के महत्वपूर्ण योगदान पर जोर दिया। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि 'विकसित भारत 2047' के दृष्टिकोण के अनुरूप, हुडको भारत सरकार की शहरी परिवर्तन की नई योजनाओं के माध्यम से सामने आने वाले विशाल अवसरों का लाभ उठाने में अपनी नई पेशकश यूआईविन के जरिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए तैयार है। इन योजनाओं में 'शहरी चुनौती कोष (यूसीएफ)' भी शामिल है।
श्री टोखन साहू ने पीएमएवाई सहित भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं को दिए गए समर्थन और राष्ट्र के शहरी परिवर्तन में महत्वपूर्ण योगदान के लिए हुडको की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत में शहरीकरण की गति बहुत तेज है। अनुमान है कि 2050 तक 50 प्रदेश से अधिक आबादी शहरों में निवास करेगी, जिसके लिए शहरी बुनियादी ढांचे में भारी निवेश की आवश्यकता होगी। इस संदर्भ में, उन्होंने परिवर्तनकारी 'अर्बन चैलेंज फंड' की शुरुआत को गेम-चेंजिंग पहल बताया। यह सार्वजनिक-निजी भागीदारी के लिए नए रास्ते खोलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि 'यूआईविन' के माध्यम से, शहरी परिवर्तन का नया अध्याय लिखा जाएगा; इसके तहत शहरी स्थानीय निकायों को ऐसी परियोजनाओं की पहचान करने में सक्षम बनाया जाएगा, जो बैंक से वित्तपोषण प्राप्त करने योग्य हों और जिनसे राजस्व उत्पन्न करने वाला ऐसा बुनियादी ढांचा विकसित किया जा सके, जिसकी वित्तीय व्यवहार्यता सिद्ध हो चुकी हो।
आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय के सचिव ने कहा कि हुडको में मौलिक परिवर्तन आया है और इसने अपने लिए विशिष्ट स्थान बनाया है; इसे प्रमुख वित्तीय संस्थान के रूप में पहचान मिली है, जो विशेष रूप से यूसीएफ और यूआईविन की शुरुआत के साथ शहरी क्षेत्र में उत्प्रेरक की भूमिका निभा रहा है। कंपनी की पिछली उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि हुडको 'विकसित भारत' की नींव रख रहा है। उन्होंने कहा कि सतत शहरी विकास में योगदान देने के लिए हुडको की भूमिका और भी अधिक महत्वपूर्ण है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित