हरिद्वार , मार्च 14 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में अपराध और आपराधिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लक्सर पुलिस ने शुक्रवार को हुक्का गैंग के एक मुख्य सदस्य को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।

आरोपी गैंग के लिए अवैध असलहों की सप्लाई करता था और हाल ही में हुए हत्या के प्रयास के मामले में वांछित चल रहा था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत उपनिरीक्षक दीपक चौधरी पुलिस टीम के साथ ग्राम भूरनी क्षेत्र में मुकदमे में वांछित अभियुक्तों की तलाश में जांच कर रहे थे। इसी दौरान कुआंखेड़ा की ओर से आ रही एक मोटरसाइकिल को रुकने का इशारा किया गया।

पुलिस को देखते ही चालक अचानक मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगा, जिस पर शक होने पर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे मोटरसाइकिल सहित दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सालम पुत्र जहीर हसन निवासी घिस्सोपुरा, थाना मंगलौर बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हुक्का गैंग का सदस्य है और गैंग के लिए अवैध असलहों की सप्लाई करता है। उसने यह भी खुलासा किया कि गैंग के सदस्य एक युवक से वीडियो क्लिप के आधार पर पैसों की मांग कर रहे थे। इसी विवाद के चलते 10 मार्च 2026 की रात गैंग के सदस्यों ने दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर नगला खिताब, लक्सर पहुंचकर एक व्यक्ति के घर के बाहर फायरिंग की थी। आरोपियों ने घर के अंदर घुसकर भी फायरिंग करने का प्रयास किया, लेकिन पीड़ित बाल-बाल बच गया। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित