नयी दिल्ली , सितंबर 10 -- वाहनों के लिए कलपुर्जे बनाने वाली कंपनी हीरो मोटर्स लिमिटेड का प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 16 सितंबर को खुलेगा और 18 सितंबर को बंद होगा।
कंपनी ने गुरुवार को बताया कि 10 रुपये अंकित मूल्य वाले इक्विटी शेयर के लिए मूल्य का दायरा 79 रुपये से 84 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। निवेशक कम से कम 178 इक्विटी शेयरों के लिए बोली लगा सकते हैं और उसके बाद 178 इक्विटी शेयरों के गुणांक में बोली लगा सकते हैं।
आईपीओ के तहत 600 करोड़ रुपये तक के नये शेयर जारी किए जाएंगे। प्रवर्तक ओपी मुंजाल होल्डिंग्स और हीरो साइकिल्स लिमिटेड अपनी हिस्सेदारियों में से 400 करोड़ रुपये तक के इक्विटी शेयर ऑफर-फॉर-सेल (ओएफएस) के तहत बेचेंगे। इस प्रकार आईपीओ से कंपनी को 1,000 करोड़ रुपये तक की आमदनी की उम्मीद है।
हीरो मोटर्स की प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि फ्रेश इश्यू से मिलने वाली 190 करोड़ रुपये की राशि का इस्तेमाल कंपनी द्वारा लिए गए कुछ बकाया ऋण के पूरे या आंशिक भुगतान/अग्रिम भुगतान के लिए किया जाएगा। अन्य 200 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कंपनी के पूंजीगत खर्च के लिए किया जाएगा। इसमें उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर स्थित संयंत्र की क्षमता बढ़ाने के लिए जरूरी मशीनरी की खरीद, अब तक अघोषित अधिग्रहणों तथा अन्य रणनीतिक पहलों के जरिये विस्तार, और सामान्य कामकाज शामिल हैं।
कंपनी देश की प्रमुख वाहन प्रौद्योगिकी कंपनियों में से एक है। वह अमेरिका, यूरोप, भारत और आसियान देशों में वाहन बनाने वाली कंपनियों के लिए उच्च प्रौद्योगिकी वाले पावरट्रेन समाधान बनाती है। वह पारंपरिक ईंधन वाले वाहनों के साथ इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए भी पावरट्रेन बनाती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित