भोपाल , मई 15 -- मध्यप्रदेश के कई जिले भीषण गर्मी और हीट वेव की चपेट में हैं तथा मौसम विभाग ने प्रदेश के अनेक हिस्सों में लू चलने का अलर्ट जारी किया है। अगले तीन दिन तक राहत मिलने की संभावना नहीं जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार आज इंदौर, उज्जैन, धार और रतलाम जिलों में तीव्र लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इंदौर, उज्जैन और धार में रात के समय भी गर्म हवाएं चलने तथा वॉर्म नाइट की स्थिति बने रहने की चेतावनी दी गई है। विभाग ने झाबुआ, आलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, नर्मदापुरम, देवास, सीहोर, शाजापुर, आगर-मालवा और राजगढ़ जिलों में भी लू चलने की संभावना जताई है।

इसके अलावा भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर सहित प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी तेज गर्मी पड़ने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार शाजापुर, आगर-मालवा, नीमच, मंदसौर, निवाड़ी, भिंड, मुरैना, दतिया, श्योपुर, टीकमगढ़ और छतरपुर जिलों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है। मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित