हिसार , मई 09 -- हरियाणा के हिसार में नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल शनिवार को आठवें दिन भी जारी रही। हड़ताल के चलते शहर के मुख्य चौक-चौराहों, बाजारों और सड़कों पर कचरे के ढेर लग गये हैं। शहर में करीब 1500 टन कचरा घरों और सार्वजनिक स्थानों पर जमा हो चुका है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शनिवार को नगर निगम प्रशासन ने तोशाम रोड, राजगुरु मार्केट और कुछ अन्य क्षेत्रों से कचरा उठाने का प्रयास किया, लेकिन हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मचारियों ने इसका विरोध किया। मौके पर किसी भी तरह की स्थिति बिगड़ने से रोकने के लिए पुलिस बल तैनात रहा।
कर्मचारियों ने ट्रॉलियों में भरा कचरा वापस सड़क पर गिरा दिया। इस दौरान पुलिस और प्रशासन दोनों ही बेबस नजर आए। बाद में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने स्वैट कमांडो की फोर्स तैनात की।
सफाई कर्मचारियों ने निगम प्रशासन और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगें जल्द पूरीकरने की मांग उठाई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित