कुशीनगर , मई 20 -- उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में कसया तहसील अंतर्गत दिलीपनगर स्थित प्रसिद्ध माँ भगवती कुरुकुल्ला धाम/कुलकुला देवी मंदिर के समीप प्रवाहित हिरण्यवती नदी को स्वच्छ, निर्मल एवं अविरल बनाने के उद्देश्य से ग्रामीणों, स्वयंसेवी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों द्वारा चलाए जा रहे श्रमदान एवं सफाई अभियान का जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों, स्वयंसेवकों एवं सामाजिक संगठनों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर "स्वच्छ नदी, हरित धाम - सामूहिक प्रयास" के संकल्प के साथ चलाए जा रहे अभियान की जानकारी दी गई। बताया गया कि माँ भगवती कुरुकुल्ला धाम के आसपास स्थित वृद्ध जंगल क्षेत्र एवं हिरण्यवती नदी को उसके मूल स्वरूप में पुनर्स्थापित करने के उद्देश्य से यह जनसहभागिता आधारित अभियान शुरू किया गया है।

अभियान से जुड़े प्रतिनिधियों ने बताया कि "श्री कुरुकुल्ला शक्तिपीठ पुनरुत्थान न्यास" के तत्वावधान में गठित समिति "टीम अविरल प्रवाह" द्वारा 20 मई 2026 से नदी सफाई अभियान की शुरुआत की गई है। समिति ने संकल्प लिया है कि नदी पूर्ण रूप से स्वच्छ और अविरल होने तक लगातार श्रमदान और सफाई कार्य जारी रखा जाएगा। साथ ही आमजन से भी इस पर्यावरण संरक्षण अभियान से जुड़ने की अपील की गई।

जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि नदियां हमारी सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और प्राकृतिक धरोहर हैं तथा इनके संरक्षण के लिए जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्थानीय ग्रामीणों, युवाओं और सामाजिक संगठनों द्वारा मिलकर किया जा रहा श्रमदान प्रेरणादायी पहल है, जो पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायक होगा।

उन्होंने कहा कि यह केवल सफाई अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक संसाधनों और धार्मिक आस्था स्थलों के संरक्षण का महत्वपूर्ण प्रयास है। जिलाधिकारी ने अधिक से अधिक लोगों से अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही नदी को पुनर्जीवित और स्वच्छ बनाया जा सकता है।

जिलाधिकारी ने प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए डीसी मनरेगा, तहसील प्रशासन और जिला पंचायतराज विभाग को आवश्यक समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नदी की साफ-सफाई, जल प्रवाह बनाए रखने और आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने को भी कहा। साथ ही पर्यटन विभाग द्वारा क्षेत्र में विकास कार्य कराए जाने तथा स्थानीय नागरिकों की सुविधा के लिए नदी पर पुल निर्माण को भी कार्ययोजना में शामिल करने की बात कही।

इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मयंक त्रिपाठी, डीसी मनरेगा, तहसीलदार, जिला पंचायत राज अधिकारी, स्थानीय नागरिक, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, "श्री कुरुकुल्ला शक्तिपीठ पुनरुत्थान न्यास" के अध्यक्ष एवं मुख्य न्यासी आचार्य साकेत कुमार मिश्रा तथा "टीम अविरल प्रवाह" के सदस्य उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित