नयी दिल्ली , जून 13 -- हिम्मत सिंह (125) के तूफानी शतक से आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ईस्ट दिल्ली राइडर्स को 148 रनों के बड़े अंतर से हराकर प्रतिष्ठित 51वें अखिल भारतीय गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट (पंजीकृत) के फाइनल में प्रवेश कर लिया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने निर्धारित 16 ओवरों में 5 विकेट पर 292 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से हिम्मत सिंह ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए मात्र 37 गेंदों पर 125 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 15 छक्के शामिल रहे। हिम्मत ने अपनी पारी के दौरान एक ओवर में छह छक्के जड़े। सरताज रंजन ने 25 गेंदों पर 65 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई, जबकि सुपर सब तेजस्वी ने 16 गेंदों में 44 रनों की विस्फोटक पारी खेली। अक्षय सैनी 26 रन बनाकर नाबाद लौटे और टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

ईस्ट दिल्ली राइडर्स की ओर से लवनीश ने 2 विकेट लिए, जबकि अन्य गेंदबाज वॉरियर्स के आक्रामक बल्लेबाजों को रोकने में नाकाम रहे।

293 रनों के कठिन लक्ष्य का पीछा करते हुए ईस्ट दिल्ली राइडर्स की पूरी टीम 11.2 ओवर में 144 रन पर सिमट गई। जसमीत नैन ने मात्र 8 गेंदों पर 31 रनों की तूफानी पारी खेलकर संघर्ष किया और अपनी गेंदबाजी में 2 विकेट भी हासिल किए, जिसके लिए उन्हें फाइटर ऑफ द मैच चुना गया। सुजल सिंह ने 26 रन बनाए, जबकि सुपर सब वैभव बैसा ने 26 और अजय यादव ने नाबाद 24 रनों का योगदान दिया, लेकिन टीम लक्ष्य से काफी दूर रह गई।

आउटर दिल्ली वॉरियर्स के गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। प्रथम सलूजा ने 3 विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी, जबकि सिद्धांत शर्मा, अमन चौधरी और शिवम शर्मा ने 2-2 विकेट लेकर जीत को एकतरफा बना दिया। इस शानदार 148 रनों की जीत के साथ आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने दमदार अंदाज में फाइनल में प्रवेश किया और खिताब जीतने की अपनी दावेदारी को और मजबूत कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित