देहरादून , सितम्बर 28 -- उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने सोमवार को उत्तराखंड के 36 युवाओं को हरी झंडी दिखाकर हिमालय की तीन चोटियों की ओर रवाना किया।

श्री सतपाल महाराज ने यहां के हिमालयन कल्वर सेंटर से पर्वतारोहियों के तीन दलों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये दल उत्तराखण्ड पर्यटन विकास परिषद् और नयी दिल्ली स्थित भारतीय पर्वतारोहण संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित अभियानों के तहत हिमालय की चोटियों की ओर रवाना हुए हैं।

इस अवसर पर श्री सतपाल महाराज ने कहा, "पर्वतारोहण केवल शिखर तक पहुँचने का नाम नहीं, यह अनुशासन, धैर्य एवं नेतृत्व की परीक्षा है। हमारा प्रयास है कि प्रदेश के युवा हिमालय को केवल निहारें नहीं, बल्कि प्रशिक्षित पर्वतारोही, मार्गदर्शक और साहसिक पेशेवर बनकर अपने क्षेत्र में आजीविका के नए अवसर सृजित करें।" उन्होंने महिला दल को प्रदेश की बेटियों के साहस का प्रेरक उदाहरण बताया।

वहीं, पर्यटन विभाग के सचिव धीराज सिंह गर्ज्याल ने कहा कि जीपीएस मैपिंग से हम मार्गों को सुरक्षित बना रहे हैं और इन अभियानों से उन मार्गों पर चलने वाले प्रशिक्षित युवा तैयार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले महीनों में आदि कैलाश परिक्रमा, एमटीबी चैलेंज एवं हिमालयन कार रैली इस यात्रा को आगे बढ़ाएँगे। उन्होंने सभी दलों से सेफ्टी फर्स्ट एवं लीव नो ट्रेस के सिद्धान्तों का पालन करने की अपेक्षा की।

भारतीय पर्वतारोहण संघ के अध्यक्ष कर्नल विजय सिंह ने इस संयुक्त पहल की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार के सहयोग से उत्तराखण्ड के युवा राष्ट्रीय स्तर पर पर्वतारोहण में नई पहचान बनाएँगे। उन्होंने सभी दलों को सुरक्षित एवं सफल आरोहण की शुभकामनाएँ दीं।

उल्लेखनीय है कि प्रदेश के विभिन्न जनपदों से चयन समिति द्वारा चयनित 36 युवा पर्वतारोही, 12-12 सदस्यीय तीन दलों में, गढ़वाल और कुमाऊँ की तीन प्रतिष्ठित चोटियों का आरोहण करेंगे। इसमें माउंट भागीरथी-II (6,512 मीटर) का नेतृत्व दशरथ सिंह रावत, माउंट पंचाचूली-1 (6,355 मीटर) का विजय सिंह रौतेला और माउंट स्वर्गारोहिणी-1 (6,252 मीटर) का नेतृत्व लता बिष्ट कर रही हैं। इसमें माउंट स्वर्गारोहिणी पूर्णतः महिला दल है। अनुभवी पर्वतारोही श्रीमती बिष्ट के नेतृत्व में नैनीताल, पिथौरागढ़, चमोली, उत्तरकाशी, देहरादून, पौड़ी, रुद्रप्रयाग एवं टिहरी की 12 महिला पर्वतारोही इस दल में सम्मिलित हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित