टिहरी , मार्च 07 -- उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल के कोटी कॉलोनी में आयोजित "हिमालयन ओ-2 : द टिहरी लेक फेस्टिवल" के दूसरे दिन शनिवार को हिमालय के खूबसूरत ट्रैकिंग मार्गों से परिचित कराने के उद्देश्य से आगराखाल-कसमोली ट्रैकिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ उपजिलाधिकारी नरेंद्रनगर आशीष घिल्डियाल और प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) नरेंद्रनगर दिगंत नायक ने हरी झंडी दिखाकर किया।

आगराखाल से कसमोली तक आयोजित इस ट्रैकिंग में लगभग 50 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इसमें वन विभाग, राजस्व विभाग, पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि और नागरिक भी शामिल रहे। लगभग 3.5 किलोमीटर लंबा यह ट्रैक बांज और बुरांश के घने जंगलों के बीच से होकर गुजरता है, जिसने प्रतिभागियों को प्रकृति के मनमोहक सौंदर्य का अनुभव कराया।

डीएफओ नायक ने कहा कि आगराखाल-कसमोली ट्रैकिंग रूट स्वच्छ और आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होने की बड़ी संभावनाएं रखता है। यहां पर्यटन बढ़ने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित