शिमला , मई 24 -- शिमला के बाहरी इलाके कचीघाटी के पास ओवरटेकिंग को लेकर हुए विवाद के बाद हिमाचल प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (एचआरटीसी) के बस चालक से मारपीट करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

शिमला पुलिस के अनुसार, एचआरटीसी की वोल्वो बस दिल्ली से शिमला जा रही थी, तभी सुबह के समय कचीघाटी के पास उसने हरियाणा नंबर की एक स्कॉर्पियो गाड़ी को ओवरटेक किया। इस बात से गुस्साए स्कॉर्पियो सवार पर्यटकों ने बस को बीच रास्ते में रोक लिया और चालक से मारपीट की।

सूचना मिलने पर बालूगंज थाना की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटना में शामिल दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि बस चालक के सिर पर चोटें आयी हैं और उसे छह टांके लगाने पड़े हैं।

पकड़े गये आरोपियों की पहचान हरियाणा के पंचकूला जिले के अभयपुर गांव के निवासी पंकज कुमार (33) और विकास कुमार (22) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने बताया कि जांच में यह पता चला कि मारपीट में शामिल दो अन्य आरोपी ठियोग की तरफ भाग गये हैं। बाद में ठियोग पुलिस की टीम ने उन्हें हिरासत में लेकर बालूगंज पुलिस को सौंप दिया। इसके बाद उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया। इन अन्य आरोपियों की पहचान हरियाणा के पंचकूला जिले के अभयपुर गांव के रहने वाले विक्की कुमार और उसकी पत्नी प्रतिभा के रूप में हुई है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित