शिमला , जनवरी 28 -- हिमाचल प्रदेश में मंगलवार रात भारी हिमपात और निचले इलाकों में बारिश के कारण राज्य के कई हिस्सों में यातायात, बिजली और जलापूर्ति ठप हो गई जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।
बर्फ जमने और फिसलन के कारण कई प्रमुख सड़कें बंद हैं। शिमला-रामपुर राष्ट्रीय राजमार्ग कुफरी-फागू और नारकंडा के पास अवरुद्ध है। ठियोग-रोहड़ू मार्ग खड़ापाथर में बंद है, जबकि ठियोग-चौपाल सड़क खिड़की के पास यातायात के लिए बंद कर दी गई है।
अधिकारियों के अनुसार, केवल शिमला जिले में ही 93 लिंक सड़कें और 6 मुख्य सड़कें बंद पड़ी हैं। राज्यभर में 3,200 से अधिक बिजली ट्रांसफॉर्मर ठप हो गए हैं, जिनमें से 1,500 से ज्यादा पिछले छह दिनों से बंद हैं। चंबा, कुल्लू, लाहौल-स्पीति और ऊपरी शिमला के सैकड़ों गांव अंधेरे में डूबे हुए हैं। लाहौल, स्पीति, किन्नौर और चंबा के पांगी जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में पानी की टंकियां जम गई हैं, जिससे घरेलू जलापूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित