देहरा (कांगड़ा) , फरवरी 03 -- हिमाचल प्रदेश सरकार के प्रमुख "नशामुक्त हिमाचल अभियान" के तहत देहरा जिला पुलिस ने नशे के दुरुपयोग और तस्करी के खिलाफ सख्त जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए कार्रवाई तेज कर दी है।
देहरा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसपी) मयंक चौधरी ने यूनीवार्ता को बताया कि एनडीपीएस एक्ट के तहत पिछले वर्ष की उपलब्धियों को आगे बढ़ाते हुए, देहरा पुलिस ने केवल जनवरी माह में ही आठ मामले दर्ज किए हैं। इनमें से तीन मामलों में 202 ग्राम चरस बरामद की गई, जबकि पांच मामलों में 38.25 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और 32 नशीले कैप्सूल जब्त किये गये।
उन्होंने बताया कि कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें छह पंजाब और छह हिमाचल प्रदेश से हैं। गिरफ्तार आरोपियों में दो स्थानीय महिलाएं भी शामिल हैं, जो कानून के निष्पक्ष और बिना किसी भेदभाव के सख्त पालन को दर्शाता है।
श्री चौधरी ने कहा कि मौके पर ड्रग डिटेक्शन किट के उपयोग से नशीले पदार्थों की त्वरित पहचान संभव हुई, जिससे तुरंत कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकी और जांच प्रक्रिया और मजबूत हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए यह अभियान और अधिक सतर्कता, दृढ़ता और निरंतरता के साथ जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित