शिमला , जुलाई 09 -- हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि राज्य सरकार एक नयी औद्योगिक नीति तैयार करने के अंतिम चरण में है, जिसका उद्देश्य राज्य में निवेश को आकर्षित करना, रोजगार के अवसर पैदा करना और व्यापार करने को आसान बनना है।
मुख्यमंत्री ने यहाँ उद्योग विभाग की एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि इस नीति को व्यापक और उद्योग-अनुकूल बनाने के लिए सभी हितधारकों के साथ चर्चा के तुरंत बाद अधिसूचित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि सरकार निवेश को बढ़ावा देने के लिए 'एकल-खिड़की सुविधा' को भी मजबूत कर रही है।
श्री सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार नियमों और प्रक्रियाओं को सरल बना रही है ताकि उद्योगपति अधिक आसानी से अपने उद्यम स्थापित और संचालित कर सकें। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए पिछले साढ़े तीन वर्षों में कई नीतिगत पहल और कानूनी सुधार पहले ही पेश किए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने ऊना में बनने वाले 'बल्क ड्रग पार्क' और धर्मशाला में 'यूनिटी मॉल' परियोजना की प्रगति की भी समीक्षा की और अधिकारियों को दोनों कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बल्क ड्रग पार्क में निवेश के लिए देश भर की प्रतिष्ठित कंपनियों को आमंत्रित किया जाना चाहिए। उन्होंने इस 2,071 करोड़ रुपये की परियोजना को राज्य के युवाओं के लिए रोजगार का एक बड़ा जरिया बताया और कहा कि लगभग 800 बीघा भूमि का समतलीकरण किया जा चुका है तथा परियोजना स्थल के विकास का काम तेज गति से चल रहा है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इस परियोजना के लिए अपशिष्ट उपचार संयंत्र और 'स्टीम जेनरेशन' सुविधा को 15 जुलाई तक पूरा करने का निर्देश दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित