शिमला/कुल्लू , मार्च 01 -- हिमाचल प्रदेश के कुल्लू और शिमला में पिछले 24 घंटों में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। पुलिस ने आज यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि कुल्लू जिले में शनिवार देर रात नग्गर के पास जाना गांव के पास एक कैंपर गाड़ी के सड़क से करीब 100 मीटर नीचे गिरने से दो युवकों की मौत हो गयी। बताया जा रहा है कि गाड़ी एक स्थानीय उत्सव से लौट रही थी, तभी चालक ने संकरी सड़क पर नियंत्रण खो दिया।
कुल्लू के पुलिस अधीक्षक ने पुष्टि की कि कुल्लू जिले के सौर गांव के रहने वाले दो लोगों - अविनाश और सोनम कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। तीन अन्य घायल हो गए और उन्हें कुल्लू के रीजनल हॉस्पिटल में स्थानांतरित किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच चल रही है।
शिमला जिले में एक अलग घटना में 28 फरवरी को रामपुर सबडिवीजन में ज्योरी-सराहन के पास एक कैंपर के लिंक रोड से नीचे लुढ़कने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित