शिमला , फरवरी 05 -- हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए एक नयी 'आवश्यक दवा सूची' तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
वह गुरूवार को यहां स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इस प्रस्तावित सूची की समीक्षा और अनुमोदन एक उच्चाधिकार वाली समिति करेगी। सरकार का लक्ष्य बिचौलियों को हटाकर सीधे निर्माताओं से दवाएं खरीदना है, जिससे खर्च घटेगा और आपूर्ति श्रृंखला में पारदर्शिता भी आयेगी।
दवाओं की गुणवत्ता को लेकर मुख्यमंत्री ने कड़ा रुख अपनाते हुए राज्य के प्रत्येक मेडिकल कॉलेज में समर्पित 'क्वालिटी टेस्टिंग सेल' स्थापित करने का निर्देश दिया है। सरकार इन सेल को आवश्यक उपकरण, प्रशिक्षित कर्मचारी और तकनीकी सहायता प्रदान करेगी। पहले चरण में यह व्यवस्था इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज, शिमला और डॉ. राजेंद्र प्रसाद सरकारी मेडिकल कॉलेज, टांडा में लागू की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिचौलियों को दरकिनार करने से राज्य को जीवन रक्षक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने में मदद मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित