भुवनेश्वर , अक्टूबर 05 -- दशकों से अपने परिवार से बिछड़ी ओडिशा की 70 वर्षीय महिला आखिरकार घर लौट आयी हैं। हिमाचल प्रदेश के एक वृद्धाश्रम में उनका सुराग मिलने के बाद यह संभव हो सका।

पुलिस के मुताबिक केंद्रापाड़ा जिले के बलुरिया गांव की निवासी प्रमिला मलिक चार अक्टूबर को अपने पैतृक घर लौट आयीं। इसके साथ ही वर्षों से परिजनों से चला आ रहा बिछोह का सिलसिला खत्म हो गया। प्रमिला कई दशक पहले सितंबर के महीने में अपना ससुराल छोड़कर चली मायके चली आयी थी और पिता के निधन के बाद मायका भी छोड़ दिया था, जिसके बाद उनका परिवार से संपर्क पूरी तरह टूट गया।

रिकॉर्ड से पता चला कि प्रमिला 2011 से 2018 तक शिमला के मानसिक स्वास्थ्य संस्थान में रहीं। इसके बाद उन्हें शिमला के नारी निकेतन में भर्ती कराया गया और फिर फरवरी 2023 में मंडी जिले के भंगरोटू स्थित एक वृद्धाश्रम में स्थानांतरित कर दिया गया। बल्ह के उप-विभागीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) के नेतृत्व वाली एक टीम ने ओडिशा पुलिस की मदद से उनकी पहचान और परिवार का पता लगाया। जब प्रमिला को पता चला कि उनके परिवार का पता चल गया है, तो उन्होंने ओडिशा लौटने और परिजनों से मिलने की इच्छा जतायी।

केंद्रपाड़ा के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 26 सितंबर को एक विशेष पुलिस टीम का गठन कर हिमाचल प्रदेश भेजा गया। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने और संबंधित अधिकारियों से तालमेल बिठाने के बाद पुलिस टीम प्रमिला को वापस ओडिशा ले आयी।

पुलिस ने बताया कि हिमाचल प्रदेश और ओडिशा के अधिकारियों के बीच आपसी समन्वय से यह पुनर्मिलन संभव हो पाया और इस दौरान प्रमिला की सुरक्षा एवं देखभाल के पुख्ता इंतजाम किये गये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित