शिमला , अक्टूबर 24 -- हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शनिवार को यहां प्राकृतिक खेती के माध्यम से उगाए गए सेब के 'पांगी एप्पल' ब्रांड का शुभारंभ किया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में प्राकृतिक खेती को बड़े पैमाने पर बढ़ावा दे रही है और इस पहल से 'पांगी एप्पल' ब्रांड के तहत पांगी में स्थानीय रूप से उगाए गए सेबों को एक विशिष्ट पहचान बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि पांगी उप-मंडल को राज्य का पहला 'प्राकृतिक खेती उप-मंडल' घोषित किया गया है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और यह दूरस्थ जनजातीय क्षेत्र आर्थिक अवसरों व जीवन स्तर के मामले में राज्य के अन्य हिस्सों के बराबर आ सकेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पांगी में लगभग 370 हेक्टेयर क्षेत्र में सेब की खेती होती है, जिसमें करीब एक लाख से अधिक सेब के पेड़ हैं। इस सीजन में लगभग 35,000 पेटी (लगभग 550 टन) सेब होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि अब तक पांगी के सेबों को घाटी के बाहर 'कुल्लू एप्पल' या 'किन्नौर एप्पल' ब्रांडेड कार्टन में बेचा जाता था, जिससे पांगी की अपनी उपज की पहचान सीमित रह जाती थी।
श्री सुक्खू ने कहा कि इस समस्या के समाधान के लिए 20 किग्रा और 10 किग्रा क्षमता वाले 'पांगी एप्पल' कार्टन लॉन्च किए गए हैं और किसानों को 50 प्रतिशत सब्सिडी पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस पहल से पांगी के सेबों की एक अलग पहचान स्थापित होगी, क्षेत्र के प्राकृतिक खेती उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा और बाजार में बेहतर पहचान मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित