नाहन , मई 13 -- हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के पांवटा साहिब उपमंडल के कोलर क्षेत्र में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब करौंदेवाली घाटी के जंगल में एक महिला का जला हुआ शव बरामद हुआ।
शव की हालत इतनी भयावह थी कि प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस भी महिला की पहचान नहीं कर सकी। इस रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। एक स्थानीय निवासी ने पुलिस को जंगल में आग लगने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही माजरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, जहां छानबीन के दौरान उन्हें एक महिला का बुरी तरह जला हुआ शव मिला।
पुलिस के मुताबिक, शव करीब 95 प्रतिशत तक जल चुका था, जिसके कारण यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि मृतका शादीशुदा थी, युवती थी या कोई नाबालिग। घटना की गंभीरता को देखते हुए पांवटा साहिब के पुलिस उपायुक्त (डीएसपी) मानवेंद्र ठाकुर और माजरा थाना प्रभारी कुलदीप सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।
फॉरेंसिक जांच के लिए शिमला के जुंगा से एक विशेष टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कहीं और की गई और फिर शव को जंगल में लाकर जला दिया गया। हालांकि, हत्या इसी स्थान पर हुई या शव को लाकर यहां आग लगाई गई, यह अभी जांच का विषय है।
पुलिस ने आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की समीक्षा की है, लेकिन अभी तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए दूसरे राज्यों की पुलिस को भी अलर्ट भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित