शिमला , जनवरी 12 -- हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के अर्की के बाजार में रविवार देर रात भीषण आग लग गई, जिसमें एक आठ वर्षीय बच्ची की मौत हो गई और आठ लोग लापता हो गए, जिससे निवासियों में दहशत एवं चिंता का माहौल है।

लापता लोगों में दो महिलाएं, दो पुरुष और चार बच्चे शामिल हैं जिससे भारी जानमाल के नुकसान की आशंका बढ़ गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भीड़भाड़ वाले बाजार क्षेत्र में स्थित एक दो मंजिला आवासीय-सह-व्यावसायिक इमारत में आधी रात के आसपास आग लग गई।

इमारत के भूतल पर कई दुकानें थीं जबकि ऊपरी मंजिल का उपयोग नेपाल और बिहार के मजदूरों के रहने के लिए किया जा रहा था। आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते आसपास की दुकानों एवं इमारतों को अपनी चपेट में ले लिया।

इमारत और आसपास की दुकानों में रखे कई एलपीजी सिलेंडरों के एक के बाद एक फटने से स्थिति और भी बिगड़ गई जिससे आग और भी भयंकर हो गई। बाज़ार में ज़ोरदार धमाकों की आवाज़ गूंज उठी जिससे चारों ओर दहशत फैल गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए आधी रात को अपने घरों से बाहर भागने लगे।

आगजनी की सूचना प्राप्त होते ही दमकल दल तुरंत मौके पर पहुंचे और कई घंटों तक आग बुझाने का प्रयास किया। अथक परिश्रम के बाद आखिरकार आज तड़के आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक कई दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थीं और लाखों रुपये का सामान राख हो गया था।

प्रारंभिक बचाव अभियान के दौरान एक आठ वर्षीय बच्ची जलकर मृत पाई गई। लापता बताए जा रहे आठ लोगों की तलाश एवं बचाव कार्य जारी है। मलबे को सावधानीपूर्वक हटाया जा रहा है ताकि शवों को बरामद किया जा सके और आगे किसी के हताहत होने से बचाया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित