शिमला , फरवरी 15 -- हिमाचल प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र सोमवार को शिमला के ऐतिहासिक काउंसिल चैंबर्स में शुरू होने जा रहा है जिसमें पहले दिन राज्यपाल का अभिभाषण होगा।
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने रविवार को विधानसभा परिसर में मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा, "सत्र को शुरू में तीन दिनों के लिए निर्धारित किया गया है।" उन्होंने हालांकि संकेत दिया कि यदि सरकारी कार्य का भार अधिक होता है तो अवधि बढ़ायी जा सकती है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि परंपरा के अनुसार, राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा 16 और 17 फरवरी को नहीं होगी। सोमवार को राज्यपाल के अभिभाषण के तुरंत बाद सदन में शोक संदर्भों को लिया जायेगा। इसके बाद सरकार की कार्यसूची की प्रस्तुति होगी। श्री पठानिया ने कहा, "विधानसभा को अभी तक सरकार से विस्तृत कार्य-सूची प्राप्त होना शेष है।"अध्यक्ष ने सूचित किया, "राजस्व घाटा अनुदान पर चर्चा आयोजित करने के लिए राज्य सरकार से नियम 102 के तहत नोटिस मिला है। नियम 35 के तहत सदस्यों के 125 नोटिस अब तक प्रस्तुत किये गये हैं। इनमें 111 तारांकित और 14 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं। नियम 61 के तहत एक ध्यानाकर्षण प्रस्ताव भी प्राप्त हुआ है।"श्री पठानिया ने बताया कि 17-18 फरवरी के लिए 'प्रश्नकाल' निर्धारित किया गया है। उन्होंने आगे कहा कि सत्र की अवधि पर अंतिम निर्णय सरकार की पेश की जाने वाली कार्यसूची पर निर्भर करेगा।
राज्यपाल के अभिभाषण से पहले सोमवार को सर्वदलीय बैठक बुलायी गयी है। इसमें अध्यक्ष, उप मुख्य सचेतक, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता शामिल होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित