सोलन , जुलाई 13 -- हिमाचल प्रदेश में सत्तारूढ़ कांग्रेस को बड़ा झटका देते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को सोलन जिला परिषद चुनाव में शानदार जीत दर्ज की और अध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष दोनों पदों पर अपना कब्जा मजबूत कर लिया।

वरिष्ठ भाजपा नेता शीला कुमारी को जिला परिषद अध्यक्ष चुना गया है, जबकि उनकी पार्टी के सहयोगी पंकज शर्मा ने उपाध्यक्ष पद पर आसान जीत दर्ज की है। शीला कुमारी पहले भी जिला परिषद अध्यक्ष के रूप में सफल कार्यकाल पूरा कर चुकी हैं और उनके पास इस पद का व्यापक प्रशासनिक अनुभव है।

सत्रह सदस्यीय सोलन जिला परिषद में 10 सीटों के साथ भाजपा के पास पहले से ही स्पष्ट बहुमत था, जिससे आज का मतदान महज औपचारिकता बनकर रह गया है।

कांग्रेस के लिए यह राजनीतिक बदलाव बेहद नाजुक मोड़ पर आया है। सोलन नगर निगम (एमसी) पर भाजपा के कब्जे के बाद जिला परिषद की यह हार पार्टी के लिए दूसरा बड़ा झटका है। कम समय के भीतर शहरी निकाय और ग्रामीण जिला परिषद दोनों गवां देना जिले में कांग्रेस की कमजोर सांगठनिक स्थिति की ओर इशारा करता है।

कांग्रेस के एक नेता ने कहा, "जिला स्तर पर लगातार दो बड़ी हार से जमीनी कार्यकर्ताओं का मनोबल गिरना तय है। आगामी विधानसभा चुनावों से ठीक पहले मिली इस हार ने पार्टी की लय बिगाड़ दी है और भाजपा को मनोवैज्ञानिक बढ़त दे दी है।"आज जहां भाजपा खेमे में विजय रैलियों, आतिशबाजी और जश्न का माहौल रहा, वहीं कांग्रेस के लिए बंद कमरों में आत्ममंथन का दौर शुरू हो चुका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित