हमीरपुर (हि.प्र.) , सितंबर 02 -- हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड लिमिटेड के एक कनिष्ठ अभियंता (जेई) के साथ स्मार्ट मीटर लगाने के दौरान कथित तौर पर मारपीट का मामला सामने आया है।
हमीरपुर पुलिस ने एक दुकान पर स्मार्ट मीटर लगाने पहुंचे अधिकारी को थप्पड़ मारने के आरोप में एक महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त रिपोर्टों के अनुसार, जेई सनी कुमार अपनी टीम के साथ सोमवार को स्मार्ट मीटर लगाने गांव पहुंचे थे। इसकी सूचना संबंधित परिवार को कुछ दिन पहले ही दे दी गई थी। जब वे दुकान पर मीटर लगाने पहुंचे, तो परिवार की एक महिला ने बिजली कर्मचारियों के साथ बहस शुरू कर दी और देखते ही देखते कनिष्ठ अभियंता को थप्पड़ मार दिया।
पीड़ित अभियंता की शिकायत पर भोटा पुलिस चौकी में मामला दर्ज कर लिया गया है। हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक बलबीर सिंह ने पुष्टि की कि पुलिस को शिकायत मिल चुकी है और मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपी महिला का बयान भी दर्ज कर लिया है। सरकारी कर्मचारी के काम में बाधा डालने और सुरक्षा से जुड़ा मामला होने के कारण इसकी सूचना बिजली बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारियों को भी दे दी गई है।
बिजली बोर्ड के अधीक्षण अभियंता आशीष कपूर ने बताया कि जेई यूनियन द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस को रिपोर्ट सौंप दी गई है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित