शिमला , अप्रैल 2 -- हिमाचल प्रदेश की शिमला पुलिस ने करीब 288 ग्राम हेरोइन की बड़ी खेप बरामद कर हरियाणा के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
उन्बहोंने बताया कि गत 24 मार्च को नशीले पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चल रहे अभियान के तहत शिमला पुलिस की विशेष शाखा की टीम ने अंतर्राज्यीय बस अड्डा (आईएसबीटी) शिमला क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस की टीम को विश्वसनीय स्रोत से सूचना मिली कि एक व्यक्ति अपने थैले में भारी मात्रा में हेरोइन लेकर अंतर्राज्यीय बस अड्डे की पहली मंजिल पर घूम रहा है और कथित तौर पर स्थानीय युवाओं को नशीले पदार्थ बेचने का प्रयास कर रहा है।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मुखबिर के बताये विवरण से मेल खाने वाले एक संदिग्ध को रोक लिया। पूछताछ करने पर व्यक्ति ने अपनी पहचान हरियाणा के अंबाला जिले के निवासी शमशाद अहमद के रूप में बताई। पुलिस ने गवाहों की उपस्थिति में उसके थैले की तलाशी ली और 288 ग्राम हेरोइन बरामद की। इसके पश्चात आरोपी को हिरासत में ले लिया गया और उसी दिन शिमला के बालूगंज पुलिस थाने में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
शिमला के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने कहा कि आरोपी को 25 मार्च को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय ने आगे की जांच के लिए छह दिनों की पुलिस रिमांड मंजूर की ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित