शिमला , जून 26 -- हिमाचल प्रदेश के शिमला ज़िले में शुक्रवार को टकलेच-काशापाट मार्ग पर एक पिकअप गाड़ी के गहरी खाई में गिर जाने से छह लोगों की मौत हो गई।
पुलिस ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि यह हादसा आज शाम करीब 7.05 बजे हुआ। वाहन में चालक समेत छह लोग सवार थे। रामपुर पुलिस स्टेशन की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि गाड़ी में सवार सभी छह लोग मौके पर ही मृत पाए गए। शवों को पोस्टमार्टम के लिए टकलेच के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) भेजा गया है।
मृतकों की पहचान अभिषेक सैनी (23) - शरनाल गांव निवासी; अशोक जैन (32) छल्टा निवासी; वाहन चालक लायक राम (56) - पट गांव निवासी; नितिन जैन (23) - छल्टा निवासी और कावानु गांव के रहने वाले मां-बेटे आशा कुमारी (40) और उगल आज़ाद (12) के रुप में की गयी है।
पुलिस ने कहा कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि यह हादसा लापरवाही से गाड़ी चलाने के कारण हुआ।
कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है, जबकि हादसे के सही कारण की विस्तृत जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित