शिमला , अगस्त 20 -- हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने छोटा शिमला स्थित सद्भावना चौक पर पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर गुरुवार को उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान लोगों से राजीव गांधी के दिखाये गये रास्ते पर चलने की अपील की। उन्होंने कहा कि उन्हें "आधुनिक भारत के निर्माता" के रूप में याद किया जाता है, जिन्होंने देश की एकता और अखंडता के लिये अपना जीवन कुर्बान कर दिया।
श्री सुक्खू ने कहा कि देश में सूचना प्रौद्योगिकी क्रांति राजीव गांधी की दूर की सोच का नतीजा थी और आज युवा पीढ़ी इसी का लाभ उठा रही है।
इस अवसर पर उन्होंने प्रतिभागियों को सद्भावना की शपथ दिलाई। इसके बाद मुख्यमंत्री ने राज्य सचिवालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी राष्ट्रीय एकता और सद्भाव की शपथ दिलाई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित