हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश) , जून 19 -- एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए हिमाचल प्रदेश की नादौन थाना पुलिस ने गुरुवार रात अवैध शराब की एक बड़ी खेप पकड़ने में कामयाबी हासिल की।

नियमित गश्त और निगरानी के दौरान मिली विश्वसनीय खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने तुरंत नाका लगाया और एक पिकअप गाड़ी को रोका। तलाशी के दौरान गाड़ी से ओल्ड मंक रम की 130 पेटियां बरामद की गयीं।

हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक बलबीर सिंह ठाकुर ने बताया कि प्रत्येक पेटी में 750 मिलीलीटर क्षमता की 12 बोतलें थीं। इस तरह कुल 1,560 बोतलें और 1170 लीटर शराब बरामद की गयी, जिसकी कुल कीमत करीब 15 लाख, 60 हजार रुपये बतायी जा रही है।

श्री ठाकुर ने कहा कि हमीरपुर जिला पुलिस जनहित की रक्षा और राज्य के खजाने को राजस्व के नुकसान से बचाने के लिए अवैध शराब के व्यापार के खिलाफ अपना अभियान निरंतर जारी रखे हुए है।

बरामद शराब और वाहन को कानून के अनुसार जब्त कर लिया गया है। इस संबंध में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 39(1)(ए) के तहत नादौन थाने में 18 जून 2026 को एक प्राथमिकी दर्ज की गयी है।

यह सफल कार्रवाई अवैध शराब की तस्करी पर अंकुश लगाने और सरकारी खजाने को भारी राजस्व नुकसान से बचाने के प्रति नादौन पुलिस की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित