नूरपुर (कांगड़ा) , जून 19 -- हिमाचल प्रदेश के नूरपुर जिला पुलिस ने अवैध खनन और खनिजों के गैर-कानूनी परिवहन के खिलाफ अपना अभियान तेज करते हुए पिछले 24 घंटों के दौरान 22 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की है।

नूरपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) धर्म चंद वर्मा ने बताया कि अवैध खनन की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पूरे जिले में लगातार विशेष जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत पुलिस टीमों ने विभिन्न उपमंडलों (सब-डिवीजन), सीमावर्ती और अन्य संवेदनशील इलाकों में नाकेबंदी की और औचक निरीक्षण किया। इस दौरान खनन नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

श्री वर्मा ने बताया कि ज्वाली थाना के तहत चलाए गए एक विशेष अभियान में खनिज ले जा रहे तीन बड़े ट्रकों को मौके पर ही जब्त कर लिया गया। पुलिस को उनके पास से कोई वैध दस्तावेज या जरूरी परिवहन दस्तावेज नहीं मिले थे। इसके अलावा, अवैध खनन में शामिल सात ट्रैक्टरों के खनन अधिनियम के तहत चालान किये गये।

एएसपी ने कहा कि डमटाल थाना पुलिस ने भी अवैध रूप से खनिज ले जा रहे एक बड़े ट्रक और दो ट्रैक्टरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि नूरपुर थाना पुलिस ने अवैध खनन में लगे तीन ट्रैक्टरों पर कार्रवाई की, जबकि फतेहपुर थाना पुलिस ने गश्त और जांच के दौरान दो ट्रैक्टरों के चालान काटे।

इसी तरह, इंदौरा थाना पुलिस की टीमों ने खनन नियमों के उल्लंघन में दो ट्रैक्टरों और एक बड़े ट्रक के खिलाफ मामला दर्ज किया। रेहान पुलिस चौकी के तहत भी अवैध खनन से जुड़े नियमों के उल्लंघन पर एक ट्रैक्टर का चालान किया गया।

श्री वर्मा ने बताया कि विभागीय नियमों के तहत सभी 17 ट्रैक्टरों का मौके पर ही चालान किया गया। वहीं, अवैध खनन और परिवहन में शामिल पांच बड़े ट्रकों को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित अदालत में भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित