शिमला , सितंबर 01 -- हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को चंडीगढ़ के समीप बद्दी क्षेत्र में प्रस्तावित हिम-चंडीगढ़ शहर की प्रगति की समीक्षा की और कहा कि राज्य सरकार शीघ्र ही नए शहर के विकास का कार्य शुरू करेगी।
श्री सुक्खू ने यहां समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए संबंधित अधिकारियों को परियोजना के समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए सभी आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी करने के निर्देश दिये।
श्री सुक्खू ने कहा कि हिम-चंडीगढ़ शहर को अत्याधुनिक बुनियादी ढांचे और आवश्यक नागरिक सुविधाओं से युक्त आधुनिक, सुव्यवस्थित और टिकाऊ शहरी केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को प्रस्तावित शहर का सुनियोजित, टिकाऊ और संतुलित विकास सुनिश्चित करने के लिए सभी संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए। श्री सुक्खू ने कहा कि शहर की सुंदरता बढ़ाने तथा निवासियों को स्वच्छ, आकर्षक और मनोरंजन की सुविधाओं से युक्त सार्वजनिक स्थान उपलब्ध कराने के लिए परियोजना में सरसा नदी के किनारे नौ किलोमीटर लंबा सुविकसित रिवरफ्रंट भी शामिल किया जाना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित