गुवाहाटी , फरवरी 10 -- असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस नेताओं सर्वश्री जितेंद्र सिंह, भूपेश बघेल और गौरव गोगोई के खिलाफ 500 करोड़ रुपये का मानहानि का मामला दायर किया है।
श्री सरमा ने मंगलवार को अपने ट्विटर हैंडल पर यह जानकारी देते हुए कहा कि इन नेताओं ने उन पर झूठे, दुर्भावनापूर्ण और मानहानि करने वाले आरोप लगाए हैं और इस कारण उन्होंने 500 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की है।
उल्लेखनीय है कि चार फरवरी को एक संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस के तीनों नेताओं ने श्री सरमा पर भ्रष्टाचार के कई आरोप लगाए थे। विपक्षी नेताओं ने उन पर 12,000 करोड़ रुपये की अवैध भूमि संपत्ति रखने का आरोप लगाया था।
असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने दावा किया था कि मुख्यमंत्री और उनके परिवार ने वर्षों से बड़े पैमाने पर जमीनें खरीदी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के परिवार के सदस्यों के पास लगभग 12,000 बीघा जमीन है। कांग्रेस के असम प्रभारी जितेंद्र सिंह और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी संवाददाता सम्मेलन में शामिल थे और उन्होंने भी मुख्यमंत्री के खिलाफ इसी तरह के आरोप लगाए।
कांग्रेस ने मुख्यमंत्री के परिवार के कथित भू-स्वामित्व के बारे में नागरिकों से जानकारी जुटाने के लिए एक सार्वजनिक पोर्टल भी शुरू किया था और इसे सार्वजनिक करने का वादा किया था।
उल्लेखनीय है कि कि कांग्रेस की असम इकाई और असम के मुख्यमंत्री के बीच हाल ही में तीखी बयानबाजी चल रही है। रविवार को असम के मुख्यमंत्री ने विशेष जांच दल (एसआईटी) की जांच के निष्कर्षों को सार्वजनिक किया और श्री गोगोई और उनकी पत्नी के पाकिस्तानी संबंधों का आरोप लगाया, वहीं श्री गोगोई ने एसआईटी के निष्कर्षों एवं आरोपों को निराधार बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित