गुवाहाटी , मई 10 -- असम के राज्यपाल ने डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा को दूसरी बार राज्य का मुख्यमंत्री नियुक्त किया है।

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया, "असम के राज्यपाल ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 164(1) के तहत डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा को मुख्यमंत्री नियुक्त किया है।"श्री सरमा का शपथ ग्रहण समारोह 12 मई (मंगलवार) को पूर्वाह्न 11:40 बजे गुवाहाटी के खानापारा में आयोजित होगा।

गौरतलब है कि असम विधानसभा चुनावों में सबसे बड़े दल के रूप में उभरी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता डॉ. सरमा ने रविवार को अपराह्न में राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य के समक्ष राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश किया।

श्री सरमा ने सोशल मीडिया पोस्ट में यह जानकारी दी। उन्होंने लिखा, "असम की जनता के आशीर्वाद और विश्वास के साथ, आज मैंने राजभवन में श्री आचार्य को सरकार गठन का प्रस्ताव सौंपा। आम जनता की आशाओं और आकांक्षाओं को पूरा करने तथा विकास, सुशासन और एक समृद्ध असम की ओर हमारी यात्रा को और अधिक गतिशील बनाने के लिए, हम एक बार फिर से प्रतिबद्ध हैं।"इससे पहले पर्यवेक्षक के तौर पर यहां भेजे गए केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मौजूदगी में श्री सरमा को विधायक दल का नेता चुना गया।

हाल ही में संपन्न हुए 126 सदस्यीय विधानसभा चुनावों में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ( राजग) ने प्रचंड जीत हासिल की है। भाजपा ने अकेले 82 सीटें जीती हैं, जबकि उनके गठबंधन सहयोगियों असम गण परिषद (अगप) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) ने 10-10 सीटों पर जीत दर्ज की है। इस दो तिहाई बहुमत के साथ राजग ने राज्य में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की है।

असम में भाजपा के नेतृत्व वाले राजग की यह लगातार तीसरी सरकार होगी। राजग ने यहां 2016 और 2021 तथा अब 2026 में जीत की हैट्रिक लगायी है। श्री सरमा के लिए मुख्यमंत्री के रूप में यह दूसरा कार्यकाल होगा।

उल्लेखनीय है कि 2016 में राजग की पहली सरकार सर्वानंद सोनोवाल के नेतृत्व में बनी थी, जिसके बाद 2021 में श्री सरमा ने पहली बार मुख्यमंत्री पद की कमान संभाली और अब इस नयी जीत के साथ वे अपनी दूसरी पारी शुरू करने जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित