नयी दिल्ली , अप्रैल 08 -- भारतीय युवा कांग्रेस ने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के खिलाफ बुधवार को यहां जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन किया।
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में यह प्रदर्शन कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी और कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के घर पर असम पुलिस की कार्रवाई के विरोध में आयोजित किया गया।
इस मौके पर श्री चिब ने श्री सरमा की भाषा को "अस्वीकार्य और शर्मनाक" बताते हुए कहा कि यह न केवल कांग्रेस अध्यक्ष का, बल्कि दलित समाज का भी अपमान है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा-आरएसएस दलित नेताओं को निशाना बनाती रही है और प्रधानमंत्री की चुप्पी इस रवैये का समर्थन दर्शाती है। उन्होंने यह भी कहा कि पवन खेड़ा द्वारा लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों से बौखलाकर सरकार दमनकारी कदम उठा रही है। उन्होंने मांग की कि मुख्यमंत्री आरोपों पर जवाब दें।
प्रदर्शन में कई युवा कांग्रेस के कई नेता और पदाधिकारी शामिल हुए, हालांकि दिल्ली पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित