पटना , अगस्त 29 -- बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैय्यद अता हसनैन ने शनिवार को कहा कि हिन्दी भाषा के व्यापक प्रसार के लिए सभी को मिल कर निरंतर प्रयास करना चाहिए।
राज्यपाल श्री हसनैन ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर बिहार लोक भवन में विश्व हिन्दी परिषद् की ओर से आयोजित ''क्षेत्रीय हिन्दी सम्मेलन एवं सम्मान समारोह'' में भाग लिया। उन्होंने कहा कि पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी की इच्छा के अनुरूप सभी को मिल कर देश को यह विश्वास दिलाना चाहिए कि हिन्दी को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।
कार्यक्रम में विश्व हिन्दी परिषद् की ओर से राज्यपाल को अभिनन्दन पत्र समर्पित किया गया। इस दौरान राज्यपाल ने श्री शान्तमनु एवं रामाकांत चंदन की पुस्तकों तथा विश्व हिन्दी परिषद् के आगामी कार्यक्रमों से संबंधित घोषणा-पत्र का विमोचन भी किया।
श्री हसनैन ने इस अवसर पर अपने-अपने क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले महानुभावों को ''डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सम्मान'' से सम्मानित किया।
कार्यक्रम को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं वरिष्ठ नेता डॉ. इन्द्रेश कुमार सहित अन्य लोगों ने भी संबोधित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित