मुंबई , जून 17 -- राष्ट्रीय स्तर पर बीमे का बीमा करने वाली कंपनी जनरल इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (जीआईसी-री) ने बुधवार को कहा कि श्री हितेश रमेशचंद्र जोशी ने पुन: उसके अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) का पदभार ग्रहण कर लिया है।

श्री जोशी गत वर्ष पहली अक्टूबर से कंपनी के अंतरिम अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक के रूप में काम कर रहे थे। उन्हें यह दायित्व उस समय के सीएमडी नारायणन रामास्वामी के दो वर्षीय के कार्यकाल की समाप्ति के बाद दिया गया था। कंपनी ने कहा कि श्री जोशी ने 16 जून को सीएमडी का कार्यभार संभाला। उन्होंने बीमा एवं पुनर्बीमा क्षेत्र में तीन दशकों से अधिक का अनुभव और नेतृत्व क्षमता हासिल की है।

सीएमडी का दायित्व संभालने से पूर्व वह कंपनी में कार्यकारी निदेशक थे और अंतरराष्ट्रीय व्यवसाय, मानव संसाधन, सूचना प्रौद्योगिकी, एक्चुरियल सेवाएं, बिजनेस आसूचना तथा कार्यालय सहायता सेवाओं सहित कई रणनीतिक और परिचालन कार्यों को देखते थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित