बेरुत , मई 11 -- दक्षिण लेबनान में हिजबुल्लाह चरमपंथियों के साथ जारी जंग के बीच इजरायली सेना ने और अधिक नागरिकों को अपने गांव खाली करने की चेतावनी दी है।

हैरानी की बात यह है कि एक महीने पहले लेबनान और इजरायल की सरकारों के बीच युद्धविराम समझौता हुआ था, फिर भी हिंसा रुकने का नाम नहीं ले रही है। इसका मुख्य कारण यह है कि हिजबुल्लाह ने इस समझौते को मानने से इनकार कर दिया है। इससे अमेरिका और ईरान के बीच शांति बहाल करने की कोशिशें और उलझ गई हैं।

सोमवार को हिजबुल्लाह ने एक वीडियो जारी किया, जिसमें कथित तौर पर दक्षिण लेबनान में इजरायली सैनिकों पर हमले करते दिखाया गया है। ईरान समर्थित इस समूह का दावा है कि उसके कई हमले पूरी तरह सटीक रहे हैं।

इस बीच इजरायली सेना ने ताजा चेतावनी जारी कर नौ गांवों के निवासियों को तुरंत घर छोड़ने को कहा है। शनिवार को एक गांव में बिना किसी चेतावनी के हमला हुआ था, जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई थी, जिसे लेकर काफी विवाद हो रहा है।

पिछले कुछ दिनों में इजरायल और हिजबुल्लाह के बीच लड़ाई और तेज हुई है। युद्धविराम समझौते के बाद से अब तक लेबनान में 450 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित