बिलासपुर , मार्च 18 -- छत्तीसगढ़ में बिलासपुर शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र में बुधवार को हिंदू संगठनों के हिंदूवादी नेता ठाकुर राम सिंह के खिलाफ दर्ज की गयी प्राथमिकी के विरोध में किए गए प्रदर्शन से तनावपूर्ण स्थिति व्याप्त हो गयी।

मिली जानकारी के अनुसार राम सिंह द्वारा सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया गया था, जिसमें कथित रूप से मुस्लिम समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी। इस पर मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने कड़ी आपत्ति जताते हुए एसएसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने राम सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।

पुलिस कार्रवाई के विरोध में राम सिंह और उनके समर्थकों ने सोशल मीडिया के माध्यम से नाराजगी जताई। इसके बाद राम सिंह ने स्वयं सरकंडा थाना पहुंचकर गिरफ्तारी देने की घोषणा की और समर्थकों से बड़ी संख्या में वहां पहुंचने का आह्वान किया।

घोषणा के बाद आज सुबह से ही बड़ी संख्या में समर्थक सरकंडा थाना परिसर पहुंचने लगे। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए पुलिस कार्रवाई का विरोध किया और मामले को वापस लेने की मांग की।

स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने एहतियातन थाना परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

बताया जा रहा है कि विवाद सोशल मीडिया पर ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता दिवंगत आयतुल्लाह अली खामेनेई को लेकर की गई टिप्पणी से जुड़ा है। आरोप है कि उनकी मौत की खबर पर राम सिंह द्वारा जश्न मनाने और मिठाइयां बांटने की बात सामने आई, जिसके बाद मामला और अधिक तूल पकड़ गया।

फिलहाल, पुलिस स्थिति पर पूरी तरह नजर बनाए हुए है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित