भोपाल , मई 7 -- हिंदी पत्रकारिता के द्विशताब्दी वर्ष के अवसर पर माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय तथा वीर भारत न्यास की संयुक्त पहल पर तीन दिवसीय राष्ट्रीय मीडिया महाकुंभ 'प्रणाम! उदंत मार्तण्ड' का आयोजन 8 से 10 मई तक भारत भवन में किया जाएगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ 8 मई को प्रातः 10:30 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। विषय प्रवर्तन वरिष्ठ पत्रकार एवं पूर्व सूचना आयुक्त उदय माहूरकर करेंगे, जबकि अध्यक्षता आचार्य मिथिलेशनंदिनीशरण करेंगे।
आयोजकों के अनुसार इस राष्ट्रीय विमर्श में देश के नौ राज्यों से विभिन्न भारतीय भाषाओं के 60 से अधिक पत्रकार, संपादक, लेखक, एंकर, शिक्षाविद् और मीडिया विशेषज्ञ शामिल होंगे। कार्यक्रम में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, अधिवक्ता एवं लेखक जे. साईं दीपक, वरिष्ठ पत्रकार जे. नंदकुमार, विष्णु प्रकाश त्रिपाठी, नगमा सहर, सईद अंसारी, उदय सिन्हा, अमिताभ अग्निहोत्री, जयंती रंगनाथन, प्रफुल्ल केतकर, प्रत्यूष रंजन और राशिद किदवई सहित अनेक वक्ता विभिन्न सत्रों में भाग लेंगे।
तीन दिवसीय आयोजन में डिजिटल युग में टीवी पत्रकारिता, भारतीय पत्रकारिता का वैचारिक अधिष्ठान, भूमंडलीकरण के बाद भारत और मीडिया, नए भारत का निर्माण तथा भारतीय भाषाओं के राष्ट्रीय स्वर जैसे विषयों पर चर्चा होगी। इस दौरान दो सौ वर्षों की पत्रकारिता यात्रा पर आधारित समाचार पत्रों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। देश के आठ वरिष्ठ कार्टूनिस्ट लाइव कार्टून शो प्रस्तुत करेंगे।
विश्वविद्यालय के कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य हिंदी पत्रकारिता की ऐतिहासिक यात्रा, उसके मूल्यों, चुनौतियों और संभावनाओं पर गंभीर विमर्श का मंच उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में भारत भवन, दत्तोपंत ठेंगड़ी शोध संस्थान तथा मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद सहयोगी संस्थाओं के रूप में सहभागी हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 'माखन के लाल' और 'कार्टून कथा' पुस्तकों का लोकार्पण भी करेंगे। विश्वविद्यालय के प्रायोगिक समाचार पत्र 'विकल्प', 'पहल' और 'अभ्युदय' के विशेषांकों का विमोचन किया जाएगा। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया विभाग के विद्यार्थियों द्वारा निर्मित तीन डॉक्यूमेंट्री फिल्मों का प्रदर्शन भी होगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिदिन शाम सात बजे सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जाएगी, जिसमें वंदेमातरम् सहित विभिन्न प्रस्तुतियां होंगी। आयोजन में 'उतिष्ठ भारत', 'नए भारत का निर्माण' और 'स्वाभिमानी भारत' विषयों पर विशेष सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित