जयपुर , अगस्त 17 -- राजस्थान के पशुपालन, गौपालन एवं देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत एवं गृह, पशुपालन और गोपालन राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने जयपुर स्थित हिंगोनिया गौशाला पुनर्वास केंद्र में गौवंश की बेहतर चिकित्सा और उन्नत देखभाल के लिए अत्याधुनिक नेत्र चिकित्सा स्पेशियलिटी सेंटर का शिलान्यास किया और दूरदराज के पशुओं के त्वरित उपचार हेतु मोबाइल पशु रोग निदान प्रयोगशाला वाहन का लोकार्पण कर उसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

हिंगोनिया गौशाला में बनने वाले इस विशिष्ट केंद्र से नेत्र संबंधी रोगों, मोतियाबिंद तथा दृष्टिहीनता से पीड़ित गौवंश को आधुनिक एवं विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी वहीं अत्याधुनिक जांच उपकरणों से लैस यह मोबाइल प्रयोगशाला वाहन गांव-गांव और गौशालाओं तक पहुंचकर बीमार पशुओं के रक्त, दूध व अन्य जैविक नमूनों की ऑन-द-स्पॉट जांच कर त्वरित निदान एवं उपचार सुनिश्चित करेगा।

श्री कुमावत ने इस अवसर पर कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार गौवंश के संरक्षण, संवर्धन और उनके स्वास्थ्य सुधार के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पशुपालकों की आय बढ़ाने और पशुधन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार निरंतर नई पहल कर रही है। हिंगोनिया गौशाला में नेत्र चिकित्सा स्पेशियलिटी सेंटर की स्थापना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह पहल पशुधन संरक्षण और पशुपालकों के हित में मील का पत्थर साबित होगी।

उन्होंने कहा कि मोबाइल पशुरोग निदान प्रयोगशाला वाहन पशु चिकित्सा सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। आधुनिक जांच सुविधाओं से युक्त इस वाहन के माध्यम से पशुओं में होने वाले रोगों की मौके पर ही जांच एवं त्वरित निदान किया जा सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित