हासन , नवंबर 08 -- कर्नाटक के हासन जिले में रविवार को एक बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया, जब केंद्रीय मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने हासन की उपायुक्त के.एस. लता कुमारी और जिला अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। इसके जवाब में जिला प्रभारी मंत्री शिवालिंगेगोड़ा ने सभी आरोपों को सिरेसे खारिज करते हुए उन्हें बेबुनियाद बताया है।

हासन विधायक स्वरूप प्रकाश के आवास पर मीडिया को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री कुमारस्वामी ने उपायुक्त के करीबी सहयोगी बताए जा रहे शशशिकरण की कथित व्हाट्सएप चैट के रिकॉर्ड जारी किए। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन बिचौलियों के माध्यम से स्टोन क्रशर संचालकों और आवासीयभूखंड मालिकों से रिश्वत वसूल रहा है और इस धन को अधिकारियों तक पहुंचाया जा रहा है।

श्री कुमारस्वामी ने दावा किया कि इन चैट से उपायुक्त कार्यालय से जुड़े एक संगठित अवैध वसूली नेटवर्कका खुलासा होता है। उन्होंने 60 लाख रुपये के कथित लेन-देन का हवाला दिया, जिसमें से 50 लाख रुपये कथित तौर पर उपायुक्त के लिए और 22 लाख रुपये तथा 13 लाख रुपये क्रमशः सहायक आयुक्त और तहसीलदार से जुड़े बताए गए हैं। श्री कुमारस्वामी ने कहा कि आरोपी अधिकारियों के मोबाइल फोन जब्तकर उनकी फॉरेंसिक जांच कराई जानी चाहिए।

दूसरी ओर, आरोपों को खारिज करते हुए मंत्री शिवालिंगेगोड़ा ने मीडिया से कहा कि हासनंबा जात्रा महोत्सव की व्यवस्थाओं में एक रुपया भी भ्रष्टाचार की भेंट नहीं चढ़ने दिया गया है और वे किसी भी तरह की फिजूलखर्ची बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने कुमारस्वामी पर अनावश्यक रूप से कमियां निकालने का आरोप लगाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित