हैदराबाद , मार्च 26 -- तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को हार्वर्ड कैनेडी स्कूल एग्जीक्यूटिव एजुकेशन प्रोग्राम ने 27 मार्च को अमेरिका के बोस्टन शहर में आयोजित होने वाले अपनी तरह के पहले आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) संगोष्ठी में मुख्य भाषण देने के लिए आमंत्रित किया गया है। मुख्यमंत्री स्वयं इस शिक्षा कार्यक्रम के पूर्व छात्र रहे हैं।
यह संगोष्ठी एआई के तेजी से बदलते वैश्विक परिदृश्य पर विचार-विमर्श करने के लिए सरकार, उद्योग और शिक्षा जगत के नेताओं को एक मंच पर लाएगी।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से गुरुवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, तेलंगाना में चल रहे बजट सत्र के कारण मुख्यमंत्री बोस्टन जाने के बजाय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभा को संबोधित करेंगे।
इस संगोष्ठी की शुरुआत हार्वर्ड कैनेडी स्कूल के फैकल्टी डीन जेरेमी वेनस्टीन के उद्घाटन भाषण से होगी। इस कार्यक्रम को 'बिजनेस एंड गवर्नमेंट प्रोग्राम ऑन इंडिया एंड चाइना' (पीआईसी) और 'एआई एंड टेक पॉलिसी कॉकस' के साथ-साथ हार्वर्ड के कई थिंक टैंकों का समर्थन प्राप्त है। यह आयोजन हार्वर्ड कैनेडी स्कूल (एचकेएस) परिसर में होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित