कोलकाता , जून 07 -- हावड़ा के श्यामपुर में रविवार को महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) योजना के फंड में हेराफेरी के आरोपों को लेकर गुस्साये ग्रामीणों ने एक तृणमूल कांग्रेस नेता की जमकर पिटाई कर दी। इस घटना में उसका आधा सिर मूंड दिया और जूतों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया।

यह घटना श्यामपुर के अमरदहा इलाके में हुई, जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव फैल गया। आरोपी नेता की पहचान संन्यासी मन्ना के रूप में हुई है, जो लंबे समय से तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता और स्थानीय नेता के रूप में जाने जाते हैं। स्थानीय निवासियों के अनुसार, मन्ना पर मनरेगा के तहत आवंटित धन का दुरुपयोग करने के आरोप लग रहे थे। ग्रामीणों का दावा है कि गरीब लाभार्थियों के हक का पैसा हड़प लिया गया था, जिसे लेकर काफी समय से उनके खिलाफ लोगों में गुस्सा पनप रहा था।

यही गुस्सा रविवार को उस वक्त फूट पड़ा, जब ग्रामीणों के एक समूह ने मन्ना को घेर लिया और उनके खिलाफ विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। नारेबाजी के बीच स्थिति हिंसक हो गयी और भीड़ में शामिल लोगों ने मन्ना के साथ मारपीट की। कुछ दृश्यों में मन्ना के साथ हुई हरकत और उनकी हालत देखी जा सकती है।

नका आधा सिर मूंड दिया गया है और उनके गले में पुराने जूतों की माला डाल दी गयी है। आधी लुंगी पहने और अर्धनग्न खड़े नेता की कमर में कपड़े का एक फटा टुकड़ा बांधा गया और ग्रामीणों ने उस कपड़े के दोनों छोर पकड़कर उन्हें पूरे इलाके में घसीटा। प्रदर्शनकारियों का दावा था कि गरीबों को उनके कल्याण के लिए मिलने वाले फंड से वंचित करने वाले आरोपी के लिए ऐसी सजा बिल्कुल जायज है। घटना की सूचना मिलने के बाद श्यामपुर थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित