कोलकाता , जुलाई 09 -- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 18 जुलाई को हावड़ा के संकराइल फूड पार्क में अमूल के मेगा डेयरी प्रोसेसिंग प्लांट की आधारशिला रखेंगे।
यह पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद से औद्योगिक निवेश की सबसे बड़ी घोषणाओं में से एक होगी।कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री और उद्योग मंत्री के भी शामिल होने की उम्मीद है। इस प्रस्तावित इकाई का उद्घाटन मूल रूप से 13 जुलाई को श्री शाह की मौजूदगी में होना था , हालांकि कार्यक्रम को टाल दिया गया था और न तो कंपनी और न ही राज्य सरकार ने इसे टालने के कारण के बारे में कोई स्पष्टीकरण दिया। अब इस परियोजना का औपचारिक रूप से 18 जुलाई को शुभारंभ किया जायेगा।
गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (जीसीएमएमएफ) पूर्वी भारत में अपने विस्तार की योजनाओं के तहत एक डेयरी प्रोसेसिंग प्लांट लगा रहा है। जीसीएमएमएफ 'अमूल' ब्रांड के तहत अपने उत्पाद बेचता है।
इस परियोजना में लगभग 600-700 करोड़ रुपये का निवेश होगा और यह हावड़ा के संकराइल फूड पार्क में बनेगा।
इस जगह को इसकी बेहतर आवागमन की सुविधा (कनेक्टिविटी ) की वजह से चुना गया है। यह परियोजना राष्ट्रीय राजमार्ग -16 और राष्ट्रीय राजमार्ग -19 के जंक्शन के पास स्थित है और यहाँ से कोलकाता पोर्ट और रेल नेटवर्क तक आसानी से पहुँचा जा सकता है। इससे पूरे पश्चिम बंगाल के साथ-साथ ओडिशा, झारखंड, बिहार और पूर्वोत्तर राज्यों में भी उत्पाद की आपूर्ति आसानी से हो सकेगी। इस परियोजना की क्षमता हर दिन 15 लाख (1.5 मिलियन) लीटर दूध प्रसंस्करण करने की होगी।
अमूल के अनुसार इसके दुनिया का सबसे बड़ा दही बनाने वाला प्लांट बनने की उम्मीद है, जहाँ हर दिन लगभग 10 लाख (1 मिलियन) किलोग्राम दही और दूसरे फर्मेंटेड डेयरी उत्पाद बनाये जायेंगे। प्लांट में दूध और दही के अलावा, यह यूनिट मीठा दही, लस्सी, पनीर, मक्खन, घी और आइसक्रीम भी बनाया जायेगा। इस परियोजना से पश्चिम बंगाल के डेयरी किसानों को भी फ़ायदा होने उम्मीद है, क्योंकि उन्हें दूध की बिक्री के लिए एक स्थिर बाज़ार और अच्छी कीमत मिलेगी। इसके अलावा, इससे सैकड़ों लोगों को सीधे नौकरी मिलने और ट्रांसपोर्टेशन और कोल्ड-चेन लॉजिस्टिक्स जैसे सेक्टर में हज़ारों लोगों को अप्रत्यक्ष रोज़गार के अवसर मिलने की उम्मीद है।
अमूल का यह प्रोजेक्ट इस महीने राज्य में होने वाले कई औद्योगिक निवेश में से एक है। होज़ियरी बनाने वाली कंपनी 'लक्स कोज़ी' हुगली के डंकुनी में शनिवार को अपनी नयी उत्पादन इकाई की आधारशिला रखेगी। कंपनी इस प्रोजेक्ट में लगभग 600 करोड़ रुपये का निवेश करने की योजना बना रही है।
सूत्रों के मुताबिक एक और बड़ा निवेश 27 जुलाई को होने की उम्मीद है, जब श्याम स्टील बांकुरा के मेजिया में 10,000 करोड़ रुपये के एकीकृति इस्पात संयत्र की घोषणा करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित