भीलवाड़ा , अक्टूबर 07 -- राजस्थान के उपमुख्यमंत्री डॉ प्रेमचंद बैरवा ने कांग्रेस द्वारा चुनाव प्रक्रिया को लेकर लगायेजा रहे 'वोट चोरी' के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा है कि कांग्रेस जब चुनाव में हार की स्थिति में पहुंचती है, तो कभी ईवीएम, कभी वोट चोरी और कभी चुनाव आयोग पर सवाल उठाने लगती है।

डाॅ बैरवा ने बुधवार को भीलवाड़ा में सेवा ज्योति यात्रा के शुभारंभ के मौके पर कहा कि आने वाले 25 वर्ष जनसेवा से राष्ट्रसेवा, सेवा-समर्पण और सुशासन के वर्ष हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य लेकर काम किया जा रहा है।

डाॅ बैरवा ने कहा कि लोकतंत्र में अंतिम फैसला जनता का होता है। जनता जिस दल पर विश्वास करती है, उसे बहुमत देती है। उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि चुनाव परिणाम उसके पक्ष में नहीं आ रहे हैं तो बार-बार आरोप लगाने के बजाय उसे यह आत्ममंथन करना चाहिए कि मतदाताओं ने उससे दूरी क्यों बनाई।

ईवीएम के स्थान पर बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग पर भी डाॅ बैरवा ने कहा कि जब जीत होती है तो चुनाव प्रक्रिया पर भरोसा रहता है, लेकिन हार सामने आते ही ईवीएम और बैलेट पेपर का मुद्दा उठने लगता है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रियामें किसी तरह की गड़बड़ी का ठोस प्रमाण है तो उसे संवैधानिक और कानूनी प्रक्रिया के तहत सामने रखा जाना चाहिए।

केवल आरोप लगाने से लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल खड़े नहीं किए जा सकते।

डाॅ बैरवा ने कहा कि देश के साथ राजस्थान में भी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है। जनता सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों और कामकाज को देखकर अपना फैसला करती है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा पर जनता का भरोसा लगातार मजबूत हुआ है।

सेवा ज्योति यात्रा अग्रवाल उत्सव भवन से शुरू होकर महात्मा गांधी चिकित्सालय रोड, सेवा सदन, सूचना केंद्र और बालाजी मार्केट होते हुए गोल प्याऊ चौराहे पहुंची। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में विद्यार्थी, महिलाएं, जनप्रतिनिधि और आमजन शामिल हुए। देशभक्ति गीतों और नारों के बीच मशाल के साथ सेवा, सुशासन और विकसित भारत का संदेश दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित